दिल्ली से रोडवेज बस में कोटद्वार आ रहे एक व्यक्ति को जहरखुरान गिरोह ने अपना शिकार बनाया है। यात्री को नशा सुंघाकर बदमाशों ने उससे आठ हजार रुपये की नगदी, कीमती मोबाइल और अन्य सामान उड़ा लिया। यही नहीं बदमाशों ने उसे मेरठ के पास मवाना में बेसुध हालत में ही बस से उतार दिया। होश में आने पर बड़ी मुश्किल से पीड़ित कोटद्वार पहुंचा। उसकी हालत को देखते हुए परिजनों ने उसे कोटद्वार अस्पताल में भर्ती कराया है।
घटनाक्रम के अनुसार सोमवार की रात को कोटद्वार आने के लिए दिल्ली निवासी विजयपाल सिंह (40) पुत्र जगमोहन सिंह रोडवेज की बस में बैठा। मेरठ के पास कुछ युवकों ने उसे नशा सुंघा दिया और मवाना के पास स्टेशन आने की बात कहकर अपने साथ सुनसान सड़क पर उतार दिया। यहां जहरखुरान गिरोह के सदस्यों ने बेहोशी की हालत में विजय सिंह से मारपीट कर उसका बैग, रुपये और मोबाइल छीन लिया।
विजय ने बताया कि बैगह में उनका पेनकार्ड, आधार कार्ड और 8000 रुपये रखे थे। बताया कि सोमवार मध्य रात्रि को जब वह लावारिश और नशे की हालत में मवाना की सुनसान सड़क पर थे तो एक स्थानीय व्यक्ति की मदद से वह नजीबाबाद की बस में सवार हुए। थोड़ा होश में आने पर उन्होंने किसी दूसरे व्यक्ति के मोबाइल से कोटद्वार में परिजनों से बात की। बताया कि कोटद्वार में वह अपनी बहन के यहां आ रहे थे। बहन ने ही उसे राजकीय चिकित्सालय कोटद्वार में भर्ती कराया।