उत्तराखंड के चमोली जिले में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के जवान ने दस वर्षीया बालिका से छेड़छाड़ की। बालिका के परिजनों ने घटना के विरोध में अस्पताल परिसर में हंगामा काटा।
मामला संज्ञान में आने पर आईटीबीपी अधिकारियों ने आरोपी जवान के विरुद्ध विभागीय जांच बिठा दी है। जांच पूरी होने तक जवान को क्वार्टर गार्ड कर दिया गया है।
कक्षा चार में पढ़ती थी छात्रा
प्राप्त विवरण के मुताबिक प्राइमरी स्कूल की कक्षा चार में पढ़ रही नाबालिग छात्रा मंगलवार सुबह जब विद्यालय पहुंची तो वहां पहले से मौजूद एक आईटीबीपी का जवान छात्रा से छेड़छाड़ करने लगा।
छात्रा के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग विद्यालय पहुंचे तो जवान वहां से भाग निकला। छात्रा रोते-रोते विद्यालय में ही बेहोश हो गई। उसे पास ही आईटीबीपी के चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
पहले भी कर चुका है ऐसी हरकत
छात्रा के परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने और आसपास के लोगों ने आईटीबीपी अस्पताल परिसर में हंगामा करना शुरू कर दिया। विद्यालय के छात्रों ने बताया कि आरोपी जवान पहले भी ऐसी हरकत कर चुका है।
आईटीबीपी ने गार्ड ड्यूटी बढ़ाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए आईटीबीपी ने कैंपस से सटे इलाके में गार्ड ड्यूटी बढ़ा दी है। आईटीबीपी के कमांडेंट पीके तिवारी ने बताया कि जवानों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए आईटीबीपी में कठोर नियम लागू किए जाएंगे।
पुलिस का है कहना
आईटीबीपी मामले की विभागीय जांच कर रही है। नाबालिग बालिका के पिता ने आईटीबीपी को ही घटना की लिखित सूचना दी है, लिहाजा पुलिस मामले में हस्तक्षेप नहीं करेगी।
-प्रदीप राठौर, थानाध्यक्ष, जोशीमठ।