मंडी समिति के एक पल्लेदार की पीट-पीटकर हत्या कर बदमाश शव को परिसर में ही लावारिस हालत में फेंककर फरार हो गए। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पल्लेदारों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से हत्यारों की तलाश में जुट गई है।
इमलीखेड़ा निवासी अंजेश (30 वर्ष) रामपुुर स्थित मंडी समिति में पल्लेदारी करता था। शनिवार देर शाम कुछ पल्लेदार परिसर की तरफ जा रहे थे। इसी बीच उन्हें लावारिस हालत में अंजेश का शव दिखाई दिया। इससे परिसर में अफरातफरी मच गई। मौके पर भीड़ जुट गई।
मृतक के शरीर में चोट के गहरे निशान पाए गए। पल्लेदारों ने अंजेश की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पल्लेदारों ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक शव को उठाने से साफ इंकार कर दिया।
पुलिस ने जैसे-तैसे पल्लेदारों को शांत कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसके बाद पुलिस मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने में जुटी। अंजेश के तीन बच्चे हैं। उसकी मौत के बाद परिवार के सामने रोजीरोटी का संकट खड़ा हो गया है।