ऋषिकेश के सीमा डेंटल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में बीडीएस द्वितीय वर्ष की छात्रा ने छात्रावास की पांचवीं मंजिल से कूदकर खुदकुशी कर ली। पुलिस को छात्रा के कमरे से दो पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें एक युवक का जिक्र है। पुलिस घटना की वजह प्रेम प्रसंग मान रही है। छात्रा के पिता आर्मी ऑफिसर हैं।
घटना बीते बुधवार यानी दीपावली के दिन हुई। बताया जा रहा है कि सुबह करीब छह बजे सुरक्षा गार्ड को ब्लॉक दो में बने छात्रावास से जोर से कुछ गिरने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर गार्ड उस ओर दौड़ा। सामने खून से लथपथ छात्रा को देखकर होश उड़ गए। सूचना पर जब तक कॉलेज प्रशासन और पुलिस पहुंची, तब तक छात्रा ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने छात्रा की शिनाख्त ऋचा सांगवान (20) पुत्री आरएस सांगवान निवासी वसंत विहार, दून के रूप में कराई। बताया कि छात्रा बीडीएस द्वितीय वर्ष में थी। कोतवाल अर्जुन सिंह रावत ने बताया कि छानबीन में छात्रा के कमरे से दो पेज का सुसाइड नोट मिला है। परिजनों ने सुसाइड नोट को सार्वजनिक नहीं करने की अपील की है। सुसाइड नोट में किसी युवक का जिक्र है।
दीपावली में घर जाने को बोलकर गई थी बाहर
कॉलेज प्रशासन के मुताबिक कॉलेज में सात से 13 नवंबर तक दीपावली की छुट्टी थी। अधिकतर छात्र-छात्राएं घर चले गए। ऋचा भी सात नवंबर को घर जाने की बात कहकर गई। मगर, अगले दिन वह फिर कॉलेज आ गई। संदेह होने पर वार्डन ने परिजनों से संपर्क साधा। परिजनों ने बताया कि वह घर आई ही नहीं।
परिजनों ने मोबाइल से संपर्क साधकर छात्रा से घर नहीं पहुंचने की वजह पूछी तो बताया कि वह किसी दोस्त की जन्मदिन की पार्टी में गई थी। बुधवार को कॉलेज आकर उसे ले जाएं। बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे परिजनों को सूचना मिली कि ऋचा ने छात्रावास की पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।
'पापा आईएम सॉरी... मैं बड़ा कदम उठाने जा रही हूं'
पुलिस सूत्रों की मानें तो छात्रा ने बुधवार तड़के अपने पिता को मोबाइल पर एसएमएस किया, जिसमें लिखा था पापा आईएम सॉरी... मौसी की शादी मत रोकना... मैं बड़ा कदम उठाने जा रही हूं। भाई तुम राखी बांधते रहना... आई लव यू पापा...।
खूब सजा था कमरा
आत्मघाती कदम उठाने वाली छात्रा का रूम छात्रावास की चौथी मंजिल में था। उसकी रूम पार्टनर एक कश्मीरी छात्रा है, जो दीपावली पर घर नहीं गई। कमरे में रंग-बिरंगी गुब्बारे और अन्य सजावट मिले, जैसे रूम में कोई समारोह मनाया गया हो।