कोटद्वार के भाबर क्षेत्र में शनिवार को एक व्यक्ति ने शराब के नशे में खुद को आग लगा ली। घटना से घर में अफरातफरी मच गई।
परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से आपतकालीन स्वास्थ्य सेवा के जरिये उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बेटे को भी जलाने की कोशिश
पुलिस के अनुसार चंद्रमोहन डबराल (47) पुत्र केदार दत्त निवासी गहली पौखाल यहां भाबर के बालागंज गांव में किराये के मकान में रहता था। वह पूजा-पाठ का काम करता था। उसे शराब पीने की लत थी।
शनिवार दिन में करीब ढाई बजे वह काम से घर लौटा तो उसने शराब पी रखी थी। घर पहुंचकर वह गाली गलौच करने लगा। इसी बीच उसने खुद पर मिट्टी तेल डालकर आग लगा ली।
उसने छोटे बेटे को भी जलाने का प्रयास किया जिसे पत्नी और पड़ोसियों ने बचा लिया।
पुलिस ने भेजा हॉस्पिटल
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आकस्मिक स्वास्थ्य सेवा 108 से उसे राजकीय संयुक्त अस्पताल में भर्ती किया गया। लगभग ढाई घंटे बाद उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की पत्नी ने बताया कि उनकी दस साल की एक बेटी और छह साल का बेटा है। नाते रिश्तेदार भी पति की शराब पीने की लत से परेशान थे। वह आए दिन शराब पीकर घर में झगड़ा करता था।
शव पोस्टमार्टम को भेजा
घटना की जानकारी मिलने पर नायब तहसीलदार सयन सिंह नेगी बयान कलमबंद करने के लिए अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक चंद्रमोहन दम तोड़ चुका था।
कलालघाटी चौकी प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि मृतक का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।