फेसबुक पर दोस्ती परवान चढ़ी। दोस्ती प्यार में बदली और फिर शादी हो गई। लेकिन ऑनलाइन शुरू होने वाली रुड़की की युवती की यह लव स्टोरी ऑफलाइन (असल जिंदगी) के पांच माह भी फेस नहीं कर सकी। वजह इस रिश्ते-प्यार में धोखा और फरेब था।
जब युवती को पता चला कि शादी से पहले खुद को एनआरआई बताने वाला उसका पति निकम्मा है तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। हिम्मत जुटाते हुए युवती ने पुलिस से शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।
रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवती की करीब एक साल पूर्व चेन्नई निवासी युवक से फेसबुक पर दोस्ती हो गई। दोनों के बीच दोस्ती इतनी आगे बढ़ गई कि बात प्यार तक पहुंच गई। प्यार बढ़ा तो युवती ने अपना मोबाइल नंबर भी युवक को दे दिया।