नंदा देवी एक्सप्रेस में रविवार तड़के कई कोचों में ताबड़तोड़ चोरी हुई। किसी यात्री का महंगा मोबाइल तो किसी का बैग ही गायब हो गया।
रेल देहरादून पहुंची तो जीआरपी थाने में दिल्ली से आ रहे एक यात्री ने मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रविवार सुबह छह बजे नंदादेवी एक्सप्रेस के ए-वन कोच में जैसे ही यात्री नींद से जागे, हड़कंप मच गया।
किसी को बैग गायब था तो किसी का मोबाइल। ट्रेन देहरादून रेलवे स्टेशन पहुंची तो सहस्त्रधारा रोड निवासी आदर्श त्रिवेदी ने जीआरपी को तहरीर दी। तहरीर के मुताबिक, चोरों ने हरिद्वार रेलवे स्टेशन से ट्रेन छूटने के बाद घटना को अंजाम दिया।
त्रिवेदी ने बताया कि बैग में लेपटाप, महंगा आईफोन, चार हजार रुपए, क्रेडिट व डेबिट कार्ड था। उनकी तरह कोच में अन्य लोगों का भी सामान चोरी हुआ। यही नहीं चोर ने यात्रियों के मोबाइल फोन के चार्जर तक भी साफ कर दिए।
उधर, यात्रियों ने जीआरपी थाने में आरोप लगाया कि पहले भी नंदादेवी एक्सप्रेस में कई बार चोरी हो चुकी है। लेकिन पुलिस जांच के नाम पर महज खानापूर्ति करती है।
उत्तरी रेलवे नहीं गंभीर
ट्रेनों में लगातार हो रही चोरियों की घटना के मद्देनजर उत्तराखंड जीआरपी पुलिस ने उत्तरी रेलवे से ट्रेन में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। इस संबंध में जीआरपी की ओर से कई बार उत्तरी रेलवे मुख्यालय को प्रस्ताव भी भेजा गया।
प्रस्ताव के तहत जीआरपी ने मांग की है कि ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर जीआरपी पुलिस के जवान भी तैनात हो। वैसे चलती ट्रेन में केवल आरपीएफ के जवान तैनात रहते है। वो भी आरपीएफ के जवान दिल्ली से आते है।