बाइक सवार दो हथियारबंद बदमाशों ने शराब के ठेके के सेल्समैन को गोली मारकर दो लाख की नगदी लूट ली और फरार हो गए। घायल सेल्समैन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। आनन फानन में पहुंची पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ को घंटों कांबिंग की लेकिन कहीं किसी का पता नहीं चला।
मंगलौर हाईवे पर मान पेट्रोल पंप के निकट एक शराब का ठेका है। रात करीब दस बजे सेल्समैन रामपाल और उसके साथी ने ठेका बंद कर दिया। इसके बाद वह दिनभर के रुपये एक थैले में एकत्रित करने लगे। इसी बीच दो हथियारबंद बदमाश बाइक से मौके पर पहुंचे। इनमें से एक बदमाश ने पहुंचते ही रामपाल को पेट के नीचे गोली मार दी। जबकि दूसरे सेल्समैन की कनपटी पर पिस्टल तान दी।
गोली लगते ही रामपाल जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद बदमाश रुपये से भरा बैग लेकर फराए हो गए। सूचना पर कोतवाली प्रभारी गिरीश चंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेने के बाद बदमाशों की धरपकड़ में कांबिंग शुरू की, लेकिन बदमाशों का कहीं पता नहीं चल पाया। गौरतलब है कि सात अप्रैल की रात भी बदमाशों ने हाईवे पर विधायक काजी निजामुद्दीन के पेट्रोल पंप से नगदी छीनकर फरार हो गए थे।