परिवहन विभाग के ऋषिकेश स्थित सत्यनारायण चेक पोस्ट में चेकिंग के दौरान फर्जीवाड़ा पकड़ में आया है। महाराष्ट्र से श्रद्धालुओं को लेकर आ रही एक इस्कॉन संस्था की हाइटेक बस का परमिट ट्रक का निकला।
विभाग ने नियम विरुद्घ वाहन की श्रेणी बदलने के मामले में कागजात जब्त कर बस का चालान कर दिया। बताया गया कि सघन चेकिंग में 22 वाहनों का चालान और दो वाहन सीज किए गए हैं।
मंगलवार को चेक पोस्ट पर चारधाम यात्रा में परमिट शर्तों का उल्लंघन संचालित डग्गामार वाहनों पर शिकंजा कसने के लिए परिवहन विभाग की टीम यात्री वाहनों के कागजात की सघन जांच कर रही थी। इसी बीच हरिद्वार की ओर से आ रही एक बस को रुकवाकर चालक से कागजात तलब किए।
ट्रक को बना दिया बस
कागजात की जांच करने पर परमिट ट्रक का मिला, जिसे बस के परमिट में तब्दील कर दिया गया था। परिवहन कर अधिकारी प्रथम कुलवंत चौहान ने बताया कि महाराष्ट्र से परमिट ट्रक का मिला है और इस्कॉन ग्रुप ने नियम विरुद्घ ट्रक को बस बना दिया।
महाराष्ट्र से श्रद्धालुओं को लेकर तीर्थनगरी आ गया। हैरत की बात यह कि रास्ते में वाहन के किसी ने कागजात चेक नहीं किए। उन्होंने बताया कि चालान भुगतान के लिए एक माह का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में चालान नहीं भुगता तो कागजात कोर्ट में पेश किए जाएंगे।