हरिद्वार का डॉन बनने की चाहत सोहलपुर के दो युवकों को जरायम के दलदल में खींच लाई। दोनों रातोंरात खौफ पैदा कर हरिद्वार का बेताज बादशाह बनने का ख्वाब पाले बैठे थे। लेकिन, नशे और नाम के पागलपन ने दोनों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
सिडकुल में पेट्रोल पंप के सेल्समैन को लूटने वाले आरोपी युवकों की यही दास्तां है। सिडकुल में रविवार को पेट्रोल पंप के सेल्समैन पर फायर झोंक नगदी लूटने की वारदात को अंजाम दे रहे दोनों बदमाशों को पुलिस ने रात में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था।
गिरफ्तार आरोपी विनेश पंडित पुत्र रमेश और अमित चौधरी पुत्र ऋषिपाल दोनों सोहलपुर थाना भगवानपुर के रहने वाले हैं। विनेश पंडित रुड़की के कुख्यात बदमाश चीनू पंडित का भांजा है।
आपराधिक पृष्ठभूमि होने के कारण दोनों नशे के आदी भी हैं और बॉलीवुड की हिंदी फिल्मों की तरह अपराध जगत का डॉन बनने की ख्वाहिश पाले हुए थे। हरिद्वार में खौफ पैदा करने के लिए पहले इन्होंने 22 जून को रुड़की के व्यापारी पर जानलेवा हमला किया।
इसके बाद उन्होंने 30 जून को पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। दोनों का मकसद किसी तरह हरिद्वार का डॉन बन गैंग चलाना था। लेकिन, इनके मंसूबे धरे रह गए। सीओ सदर राजेश भट्ट ने बताया कि दोनों नशे के आदी हैं। नशा करने के बाद ही दोनों वारदातों को अंजाम दिया गया।