घर के बाहर डेढ़ साल का पोता अपने दादा के साथ टहल रहा था। कि तभी अचानक तेजी से आई स्कॉर्पियो ने दोनों को रौंद डाला। नए साल से ठीक पहले दिन हुए इस हादसे से पूरे क्षेत्र का माहौल गमगीन हो गया है।
मालदेवता में रविवार सुबह कार के कुचलने से दादा और पोते की मौत हो गई। गांव के ही आरोपी चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। वहीं, साल के आखिरी दिन हुए हादसे से गांव में माहौल गमगीन हो गया है। बताया जा रहा है कि पिता को हार्ट अटैक आने की सूचना पाकर आरोपी चालक तेजी से कार लेकर निकला था। इसी वजह से हादसा हुआ है।
रायपुर थाना क्षेत्र के मालदेवता निवासी रणजीत सिंह (55) अपने डेढ़ साल के पोते सम्राट के साथ रविवार सुबह साढ़े नौ बजे के करीब घर के बाहर टहल रहे थे। इसी बीच तेजी से आई स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी।
accident
- फोटो : graphic
दोनों सड़क पर जा गिरे और स्कॉर्पियो उन्हें रौंदते हुए निकल गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल दादा और पोते को सीएमआई अस्पताल लाया गया, जहां सम्राट को मृत घोषित कर दिया गया। परिजन नाजुक हालत में रणजीत सिंह को मैक्स अस्पताल ले गए, जहां उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
दादा-पोते की मृत्यु होने मौत परिवार में मातम छा गया। गांव का निवासी होने के कारण आरोपी कार चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। रायपुर पुलिस ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती का कहना है कि बताया गया है कि आरोपी चालक रमोला के पिता को हार्ट अटैक आया था। यह सूचना पाकर वह रफ्तार से कार लेकर घर से निकला था और हादसा हो गया।