देहरादून के शीशमबाड़ा में एक विवादित जमीन का सौदा एक इंजीनियर से लाखों रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पटेल नगर थाने में तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जिनमें से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि इन्होंने इंजीनियर से रजिस्ट्री व दाखिल खारिज कराने के एवज में आठ लाख रुपये हड़प लिए हैं।
जानकारी के अनुसार जयदेव नेगी पुत्र कुलदीप सिंह नेगी निवासी ग्राम सीताबपुर मल्ला कोटद्वार हाल पता धर्मपाल सिंह 58 ब्लाक भंडारी बाग ने विजय सिंह गुंसाई पुत्र नारायण सिंह गुंसाई निवासी ग्राम ललोटना थत्यूड टिहरी गढ़वाल, विजेन्द्र सिंह पुत्र एमएस रावत निवासी अजबपुर कला और सुनील कुमार पुत्र शंकर निवासी रानी गली भूपतवाला हरिद्वार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।
जयदेव ने पुलिस को बताया कि वह फरीदाबाद में एक प्राइवेट कंपनी में मैकेनिकल इंजीनियर है। विजय सिंह गुंसाई ससुराल वालों को जानता है। उन्हीं के माध्यम से गुंसाई ने प्रॉपर्टी डीलर विजेन्द्र से फोन पर बात कराई। फोन पर ही पैसों की डीलिंग हुई।
डील फाइनल होते डीलर के खाते में डाले रुपये
डील फाइनल होने के बाद कुछ किस्तों में डीलर के खाते में आठ लाख 78 हजार रुपये डाल दिए। इस बीच पता चला कि यह जमीन किसी और की है और इस पर लंबे समय से विवाद चल रहा है। यह जानने के बाद जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी कुछ दिन तो आनाकानी करते रहे, इसके बाद अपना फोन बंद कर दिया।
इसके बाद जयदेव ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए तत्काल दो आरोपितों सुशील कुमार और विजेंद्र सिंह रावत को गिरफ्तार कर लिया। आईजी संजय गुंज्याल ने इस प्रकरण में भू माफियों के विरुद्घ पारदर्शी जांच कर अभियोग पंजीकृत करवाने के लिए थाना पटेलनगर और एसआईटी की टीम को पांच हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की।