सिडकुल पुलिस ने चोर गैंग के चार बदमाशों को दबोचकर उनके कब्जे से लाखों रुपये का माल बरामद किया है।
आरोपी रिहायशी क्षेत्र में चोरी, वाहन चोरी और मोबाइल फोन झपटमारी की घटनाओं को लगातार अंजाम दे रहे थे। इनके कब्जे से दस मोबाइल फोन, एक लेपटॉप, एक बाइक, एलसीडी और भारी मात्रा में घरेलू सामान बरामद किया है। चारों बदमाश बिजनौर से ताल्लुक रखते हैं।
सिडकुल थाने में एसपी सिटी परमेंद्र डोबाल ने पत्रकारों को बताया कि शुक्रवार देर शाम पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नवोदय चौक के आसपास जाल बिछाया। अलग-अलग मोटरसाइकिल पर सवार चार संदिग्ध युवकों को पुलिस ने जांच पड़ताल के लिए रोका। इनकी तलाशी ली गई तो चारों युवकों के बैग से आला नकब बरामद हुए। थाने लाकर की गई पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे सिडकुल में मोबाइल फोन झपटमारी, घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं।
उनकी निशानदेही पर पुलिस ने गांव रावली महदूद में गैंग सरगना के किराये के मकान से सिंगल बेड का गद्दा, बाइक, लेपटाप, इनवर्टर, एलसीडी, बैट्री, दस मोबाइल फोन बरामद किए।
एसपी सिटी ने बताया कि आरोपियों ने अपने नाम पवन पुत्र रामकुमार, महेंद्र उर्फ भोलू पुत्र बलवीर सिंह, राकेश पुत्र ठकरा सिंह निवासीगण सादातपुर, बडापुर, बिजनौर और कबीर पुत्र यूसुफ, निवासी फरासटोली मंडावर बिजनौर बताया। चारों आरोपी रोशनाबाद और गांव रावली महदूद में किराये के मकान में रहते थे। पवन गैंग का सरगना है। ये सभी ट्रांसपोर्ट कंपनियों में बतौर चालक काम करते थे।