छेड़छाड़ से घबराई महिला ने माता वाला बाग के सामने विक्रम से छलांग लगा दी। महिला के गिरने के बाद भी चालक ने विक्रम नहीं रोका। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। किसी ने कंट्रोल रूम में इसकी सूचना दी तो विक्रम चालक लाल पुल पर पकड़ा गया, लेकिन जब तक वह सवारियों को उतार चुका था। कोतवाल बीबीडी जुयाल ने बताया कि चालक का नाम सुक्रांत कुमार है और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
इधर, हादसे में घायल महिला को श्रीमहंत इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जुयाल ने बताया कि महिला को कई गंभीर चोटें आईं हैं, लेकिन फिलहाल चिकित्सकों ने उसे खतरे से बाहर बताया है। छेड़छाड़ के आरोपी युवकों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने लालपुल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली हैं। इनमें कुछ संदिग्ध लोगों को देखा गया है जो इस विक्रम से उतरते प्रतीत हो रहे हैं।
महिलाओं की सुरक्षा के दावों पर सवालिया निशान
मंगलवार रात घटी यह घटना राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को पुलिस के दावों पर सवालिया निशान लगा रही है। समय-समय पर पुलिस विक्रमों और सिटी बसों में महिलाओं की सुरक्षा को चेकिंग आदि का दावा करती रहती है। बावजूद इसके बेखौफ मनचलों ने इस घटना को अंजाम दिया। यही नहीं शहर में रोज सड़कों पर विक्रम दौड़ाने वाले इस चालक के मन में पुलिस का खौफ नहीं रहा। यही कारण था कि उसने महिला के कूदने के बावजूद विक्रम को नहीं रोका।