उत्तराखंड के उधमसिंहनगर में खनन की जमीन को लेकर दो गुटों में खूनी गैंगवार हो गया। कोसी में खनन की जमीन को लेकर दोनों गुटों में लाठी- डंडे, सरिए और तलवारें चलने के साथ जमकर पथराव भी हुआ।
मारपीट में चार लोग घायल हो गए। इस दौरान एक स्कार्पियो क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद पीएसी तैनात कर दी गई है। एक पक्ष ने तहरीर देकर तमंचों से फायरिंग कर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
शनिवार को सुल्तानपुर पट्टी के पास कोसी नदी के गांव पटौटी क्षेत्र में खनन की जमीन कब्जाने को लेकर गांव गजरौला निवासी प्यारा सिंह और गुरदीप सिंह समर्थकों के साथ स्कार्पियो और बोलेरो वाहनों में सवार होकर पहुंचे। इस दौरान दोनों गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों गुटों में जमकर लाठी, सरिए, तलवारें चली और पथराव हुआ।
इससे दहशतजदा मजदूर इधर-उधर भाग गए। मारपीट में यूपी के गांव घोसीपुरा निवासी मोहम्मद हुसैन, सुल्तानपुर पट्टी के मोहल्ला शिवनगर निवासी विक्की सागर सहित चार लोग घायल हुए हैं।
चारों को काशीपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खबर मिलते ही सीओ राजीव मोहन, कोतवाल ओमप्रकाश शर्मा तथा नायब तहसीलदार प्रताप राम आर्य मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। पुलिस भूपेंद्र सिंह सहित दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।