देहरादून के एक रेस्टोरेंट में चल रही बर्थडे पार्टी में बवाल हो गया। एक युवती ने एक युवक पर बीयर फेंकी तो युवकों के दो गुट भिड़ गए। रेस्टोरेंट में जमकर तोड़फोड़ की गई। इसके बाद युवक बाहर आए और सड़क पर गुत्थमगुत्था हो गए।
पुलिस ने दस युवकों को लिया हिरासत में
मारपीट में चार छात्र घायल हुए हैं। हंगामे के चलते जीएमएस रोड पर कुछ देर हंगामे की स्थिति रही। पुलिस के आने से पहले ही सभी युवतियां भाग निकलीं।
पुलिस ने दस युवकों को हिरासत में लिया है। जीएमएस रोड स्थित क्रिस्टल रेस्टोरेंट में रविवार रात एक युवती की बर्थडे पार्टी चल रही थी।
बताया जा रहा है कि पार्टी में 50-60 युवक-युवतियां पहुंचे हुए थे। इस दौरान खाने के साथ युवाओं को शराब, बीयर भी परोसी जा रही थी। बताया जा रहा है कि इस दौरान एक युवक ने पार्टी में आई एक युवती पर कुछ टिप्पणी की तो युवती ने बीयर का गिलास उस पर उड़ेल दिया।
सड़क पर ही मारपीट करने लगे युवक
दोनों में कहासुनी के बाद युवकों के दो गुट बन गए। दोनों गुट भिड़ गए। जमकर मारपीट हुई और रेस्टोरेंट में भी तोड़फोड़ की गई। रेस्टोरेंट कर्मियों ने किसी तरह युवकों को बाहर खदेड़ा। इसके बाद युवक सड़क पर ही मारपीट करने लगे। जमकर लात-घूंसे चले।
इस दौरान जीएमएस रोड पर गुजर रहे लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर बसंत विहार एसओ प्रदीप चौहान फोर्स संग मौके पर पहुंचे। पुलिस को देख पार्टी में शामिल युवतियां मौके से भाग निकलीं। एसओ चौहान ने बताया कि मौके से दस युवकों को हिरासत में लिया गया है।
चार युवक घायल हुए हैं, जिन्हें दून अस्पताल ले जाया गया। इनके नाम अरुण पांगती, नरेंद्र बिष्ट, पीयूष डुंगरियाल और राज रावत हैं। बताया कि अरुण डीआईटी और नरेंद्र डीएवी कालेज का छात्र है।
बाकी दोनों करनपुर के रहने वाले हैं। देर रात उनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा था। चौहान ने बताया कि रेस्टोरेंट संचालक पर भी अवैध पार्टी और शराब परोसने के मामले में कार्रवाई की जा रही है। फरार युवकों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
फेसबुक से दिया था इन्विटेशन
पूछताछ में पता चला है कि इस पार्टी का इन्विटेशन फेसबुक पर दिया गया था। पार्टी का टाइम और जगह फेसबुक पर डाला गया था।
पार्टी में डांस, शराब, खाने की आदि की जानकारी भी इस ऑनलाइन इन्विटेशन में दी गई थी। प्रति व्यक्ति एंट्री फीस 500 रुपए वसूली गई। पुलिस फेसबुक पर यह इन्विटेशन देने वाले का पता लगा रही है।
नशे की भी आशंका
जिस तरह यह पार्टी आयोजित की गई, आशंका जताई जा रही है कि इसमें शामिल युवा शराब के अलावा स्मैक, चरस आदि का नशा भी कर रहे होंगे। हालांकि, अभी पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
सूत्रों का कहना है कि पार्टी में शामिल सभी युवतियां भी नशे में धुत थीं। उन्हें बीयर परोसी जा रही थी। युवतियां दून के प्रतिष्ठित कॉलेजों की छात्राएं बताई जा रही हैं।