राजधानी देहरादून निवासी जय सिंह के परिवार के लिए दिवाली की रात काली साबित हुई। देर रात बदमाशों ने घर में घुस कर परिवार के चार सदस्यों को मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद से परिवार का पांचवा सदस्य गायब है।
चकराता रोड स्थित आदर्श नगर निवासी जय सिंह (60) ने दो शादियां की हुई थीं। मरने वालों में जय सिंह, पत्नी कुलवंत कौर, बेटी हरजीत कौर और एक बच्चा शामिल है। बताया गया हरजीत कौर गर्भवती थीं और उनकी डिलीवरी आज-कल में होने वाली थी। गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई।
आशंका जताई जा रही है कि प्रॉपर्टी विवाद को लेकर इस परिवार की हत्या की गई है, लेकिन एक बच्चे के गायब होने से कत्ल के मकसद पर संशय बरकरार है। दिवाली की देर रात हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
मौके से साक्ष्य जुटाकर देहरादून पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है। जय सिंह की दूसरी पत्नी के बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
मामूली विवाद में किसान को चाकू मारा
रुड़की के लक्सर में मामूली विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने किसान को चाकुओं से गोदकर घायल कर दिया। गंभीर अवस्था में उसे मेरठ रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। वहीं दूसरी ओर दीपावली पर दूध को लेकर हुए विवाद में एक ग्रामीण को सरियों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
बीती रात खानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चंद्रपुरी निवासी ब्रह्मपाल की गांव के ही रहने वाले गोपाल के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि ब्रह्मपाल घर से चाकू ले आया और गोपाल के पेट में कई वार कर दिए। गंभीर अवस्था में गोपाल को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया है।
दूसरी ओर ग्राम दाबकी कलां में रघुवीर को एक दूध व्यापारी ने सरिए से हमलाकर घायल कर दिया। आरोप है कि एक दूध व्यापारी रघुवीर के घर से दूध खरीदता है, लेकिन बीती रात रघुवीर के बेटे ने उसे यह कहते हुए दूध देने से इंकार कर दिया कि दीपावली के कारण वे दूध नहीं देंगे।
इस पर विवाद हो गया। आरोप है कि बीच बचाव करने आए रघुवीर पर व्यापारी ने सरिये से हमला कर दिया। गंभीर अवस्था में उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।