गोपेश्वर में PWD में संविदा पर तैनात कनिष्ठ अभियंता मोनी की हत्या के आरोपी को एसओजी की टीम ने सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
लोक निर्माण विभाग में संविदा पर तैनात कनिष्ठ अभियंता मोनी की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच में जुटी थी। परिजनों ने एक युवक पर हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस की दो टीमें हत्या के आरोपी युवक की खोज में रुड़की के लिए रवाना हुई थी।
रविवार को पुलिस की एक टीम ने हरिद्वार के कनखल, सहारनपुर और हरिद्वार में कई जगहों पर दबिश दी तो दूसरी टीम ने रुड़की में मृतक के पड़ोसियों और घरवालों से पूछताछ की।
बताया गया कि पुलिस ने आरोपी युवक के कुछ दोस्तों से भी पूछताछ की। दूसरी ओर गोपेश्वर में जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम के बाद युवती का शव शनिवार को देर रात ही परिजनों को सौंप दिया गया।
इसके बाद परिजन रात को ही रुड़की रवाना हो गए थे। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट सोमवार को आएगी। चिकित्सकों ने बिसरा जांच के लिए भेज दिया है।
सात साल से कर रहा था मोनी को परेशान
रुड़की गई पुलिस टीम को मोनी के पड़ोसियों ने बताया कि मोनी का रुड़की के एक युवक से वर्ष 2007 से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसके परिजन युवक को पहले भी कई बार हिदायत दे चुके थे। अब पुलिस उसी युवक की खोज में जुट गई है।
पुलिस प्रशासन ने मोनी हत्याकांड के जल्द खुलासे का दावा किया था। पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मीणा ने बताया था कि दो टीम रुड़की और एक टीम को सर्विलांस पर लगाया है। आरोपी युवक के फोन की लोकेशन बीती शुक्रवार रात आठ बजकर पैंतीस मिनट पर पैट्रोल पंप के पास ट्रेस की गई थी।
इसके बाद से आरोपी का फोन स्विच ऑफ चल रहा है। उन्होंने बताया कि सोमवार को आरोपी युवक पुलिस की गिरफ्त में आ जाएगा।
'मुझे क्या पता था अब नहीं लौटेगी मोनी'
गोपेश्वर में गला घोटकर मारी गई जूनियर इंजीनियर मोनी का शव रविवार की सुबह करीब पांच बजे हरिद्वार स्थित पैतृक गांव लाया गया। गांव के शमशान घाट पर गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
शव को देखते ही दादा शोभाराम और दादी निरमा देवी बड़ी बहन सोनिया तथा अन्य रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल था। मोहल्ले की महिलाओं ने उन्हें बमुश्किल संभाला।
गोपेश्वर में अपनी बेटी मोनी के पास ही रहने वाली उसकी मां ममता बेटी की मौत के बाद से ही बदहवास है। वह केवल इतना बोल पा रही है कि उसकी बेटी तो सामान खरीदने के लिए बाजार गई थी। उसे आभास होता तो वह अपनी बेटी को बाजार नहीं जाने देती।
किशनपुर निवासी सुरेश की पुत्री कुमारी मोनी(21) करीब छह माह से गोपेश्वर में लोक निर्माण विभाग में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थी। शनिवार को उसका शव गोपेश्वर मे आवास के पास ही मिला था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए अज्ञात युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।