बेस अस्पताल में वार्ड ब्वाय का ‘ब्रदर’ कहना डाक्टर को नागवार गुजरा और उसे थप्पड़ जड़ दिया। डाक्टर के व्यवहार से भड़के चतुर्थ श्रेणी कर्मियों ने डिप्टी एमएस डा. पवन रैथवाल का घेराव किया। डिप्टी एमएस के लिखित शिकायत मांगने पर कर्मचारी घरों को लौट गए।
बिना वर्दी के थे चिकित्सक
वार्ड ब्वाय भजन लाल ने आरोप लगाया था कि मंगलवार सुबह ड्यूटी के दौरान आर्थो सर्जन डा.वीकेश भट्ट ने उसे थप्पड़ मारा। जब वह ड्यूटी पर था तो डाक्टर बिना वर्दी के थे। डाक्टर ने नेम प्लेट भी नहीं लगाई थी। इसलिए वह डाक्टर को पहचान नहीं पाया। डाक्टर को ब्रदर कहकर वितरण पुस्तिका मांगने पर थप्पड़ मिली।
ब्रदर कहना अपराध नहीं
सूचना पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी एकत्रित हुए और हंगामा करते हुए आरोपी डाक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर डिप्टी एमएस कार्यालय धमक गए। कर्मियों का कहना था कि डाक्टर बगैर वर्दी पहने अस्पताल आए थे। वार्ड ब्वाय द्वारा ब्रदर कहना कोई अपराध नहीं है। डाक्टर को गाली नहीं दी गई। डाक्टर के अभद्र व्यवहार की कर्मियों ने कडे़ शब्दों में निंदा की।
डिप्टी एमएस ने कर्मियों से कहा कि जब तक वह डाक्टर के खिलाफ लिखित में शिकायत नहीं देंगे वह कार्रवाई नहीं कर सकते हैं। बाद में कर्मचारी शिकायत दर्ज कराए बगैर ही लौट गए। शंभुप्रसाद भट्ट, मोहन रावत, दीपक बहुगुणा, नरेश सिंह, कुलदीप सिंह शामिल थे।