प्रापर्टी डीलर धर्मपाल के हत्यारों का अब तक सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस धर्मपाल के मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर सबूत जुटाने की कोशिश में है। बागपत गई टीम ने वहां कुछ लोगों से पूछताछ की है। पुलिस धर्मपाल से दुश्मनी रखने वाले संदिग्धों का भी पता लगा रही है।
गांव गलहटा, बागपत यूपी निवासी धर्मपाल (55) की बुधवार को बदमाशों ने गुरु रोड स्थित किराये के मकान में गोली मारकर हत्या कर दी थी। पेशे से वकील धर्मपाल पांच साल से दून में प्रापर्टी का काम कर रहे थे।
परिजनों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उन लोगों की भी सूची बनाई है, जिनसे धर्मपाल ने उधार की रकम ली थी। बागपत गई टीम ने ऐसे दस से अधिक लोगों से पूछताछ की है। सूत्रों के अनुसार, हत्या की वारदात के बाद अब उधार की रकम केबारे में कोई खुलकर नहीं बोल रहा है।
इस बीच एसओजी ने धर्मपाल के मोबाइल नंबर की पंद्रह दिन की कॉल डिटेल निकाली है। पता लगा है कि कुछ नंबरों पर धर्मपाल की अक्सर बात होती थी। इनमें कुछ प्रापर्टी डीलरों के नंबर भी हैं।
पुलिस इन नंबरों को इस्तेमाल करने वाले लोगों को ट्रेस कर उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही है। दून में विवादित जमीनों की खरीद-फरोख्त में धर्मपाल के साथी रहे कुछ प्रापर्टी डीलरों और जिनकी जमीनें बेची गई हैं, उनसे भी पूछताछ कर रही है।