चोरियों की घटनाओं से पस्त देहरादून पुलिस ने बुधवार को एक साथ सात घटनाओं का खुलासा कर दिया।
इनमें से छह मामले चोरी के तो एक मामला नर्सिंग होम के मैनेजर से लूट के प्रयास का है। पुलिस ने कुल सात आरोपियों को पकड़ा है, जिनमें चार नाबालिग हैं। इन मामलों के खुलासे के लिए बुधवार को बाकायदा पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया।
इसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पुष्पक ज्योति, पुलिस अधीक्षक नगर अजय सिंह, पुलिस उपाधीक्षक नगर मनोज कात्याल, डालनवाला प्रमोद कुमार और पटेलनगर के सीओ पांडेय, इंस्पेक्टर एसएस बिष्ट, अनिल जोशी, पंकज गैरोला दल-बल के साथ मौजूद रहे।
एसएसपी ने बताया कि दुर्भाग्य की बात यह है कि चोरी में पकड़े गए अधिकांश चोर नाबालिग और नशा करने वाले हैं। कई दिन की भागदौड़ के बाद यह कामयाबी मिल सकी है।
नर्स के घर चोरी का खुलासा
रायपुर क्षेत्र के जैन प्लाट में रहने वाली दून अस्पताल की नर्स रीटा शर्मा के घर हुई चोरी का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। एक नाबालिग चोर को गिरफ्तार कर उसके पास से दो हजार रुपये बरामद किए गए हैं। जबकि दो आरोपी फरार बताए गए हैं।
आंख में मिर्च डालने वाले दो बदमाश बंदी
27 जनवरी को आर्यनगर में वैश्य नर्सिंग होम के मैनेजर नयाराम की आंखों में लाल मिर्च डालकर साढे़ चार लाख रुपये लूटने का प्रयास करने वाले दो बदमाशों श्याम दयाल उर्फ श्यामू निवासी चंदर रोड और सुभाष उर्फ पवन निवासी ओल्ड डालनवाला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
इनके पास लूट में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है। इनका तीसरा साथी राहुल अभी फरार है। पुलिस के अनुसार श्याम और सुभाष ने ही डालनवाला में एक फरवरी को नाला पानी निवासी लक्ष्मी का पर्स स्कूटी से चोरी किया था। दोनों ने चोरी हुआ पर्स, कान को टाप्स, घड़ी बरामद करा दिए हैं।
गत्ता कारोबारी के घर की चोरी खुली
माजरा में गत्ता कारोबारी राम कुमार शर्मा के घर में 29 जनवरी की शाम को हुई चोरी का खुलासा करने का दावा किया है। यह परिवार कुछ घंटे के लिए मकान पर ताला लगाकर सांई धाम मंदिर गया था। पुलिस ने ब्रहमपुरी निवासी तिलक को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी के 10 हजार रुपये और एक हार बरामद होना बताया है।
तीन पकड़े, तीन मामलों का खुलासा
पुलिस ने तीन नाबालिगों को गिरफ्तार कर चोरी की तीन घटनाओं के खुलासे का दावा किया है। राठी मंडी में मोहन प्रोविजन स्टोर में दो फरवरी की रात को चोरों ताले तोड़कर चार मोबाइल, 5 चार्जर, 3 हेड फोन, 7 मोबाइल बैटरियां, 7 नमकीन के पैकेट आदि सामान चुरा लिया गया था।
पुलिस पहले तो घटना छिपाएं रही, लेकिन मंगलवार को पुलिस ने तीन नाबालिग चोरों को गिरफ्तार कर उनकेपास से माल बरामद करने का दावा कर दिया। पुलिस का कहना है कि इन्होंने ही लक्खीबाग क्षेत्र में दर्शनी गेट के पास शराब के ठेके की टीन शेड फाड़कर 3 हजार रुपये की रेजगारी के साथ शराब की सात बोतलें चुराई थी।
आरोपियों ने रकम खर्च दी और शराब पी ली। इसके अलावा आरोपियों ने नेशविला रोड पर 14 जनवरी को नंदन की दुकान के ताले तोड़कर करीब चालीस हजार रुपये का सामान चुरा लिया था। पुलिस ने 20 चाकलेट और 2 टॉफी के जार बरामद किए हैं।