देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद शव को नाले में फेंक दिया और फिर जुर्म छुपाने के लिए ऐसा ड्रामा रचा।
विकासनगर क्षेत्र में हुई विवाहिता की हत्या के मामले में अदालत ने मंगलवार को पति को दोषी करार दिया है। आरोपी को बृहस्पतिवार को सजा सुनाई जाएगी। वहीं दोषी करार देने के बाद पुलिस ने आरोपी को अभिरक्षा में ले लिया।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक विकासनगर के बेलावाला निवासी कुलदीप ने 10 मई 2013 को पत्नी पूनम की हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया था। आरोपी कुलदीप ने अपना जुर्म छिपाने के लिए पहले पत्नी के कहीं चले जाने का ड्रामा किया था।
पुलिस ने शक के आधार पर आरोपी से सख्ती से पूछताछ की तो हत्या का राज खुल गया। कुलदीप की निशानदेही पर 16 मई को विवाहिता का शव नाले से बरामद हो गया था। कुलदीप का कहना था कि चरित्र के शक में पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी थी।
पुलिस ने उस समय हत्या और साक्ष्य मिटाने के आरोप मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल कर दिया था। इस मामले की सुनवाई अपर जिला जज तृतीय अजय चौधरी की कोर्ट में हुई। सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता जेके जोशी ने अभियोजन पक्ष की तरफ से 13 गवाह प्रस्तुत किए। अदालत ने अभियोजन पक्ष की दलीलों को सही मानते हुए कुलदीप को दोषी करार दिया है।