उत्तराखंड पुलिस के सीपीयू के दो जवानों द्वारा हल्द्वानी स्थित काठगोदाम से सर्राफा व्यवसायी को अगवा कर उससे 7.94 लाख रुपए लूटने का शर्मनाक मामला सामने आया है।
आरोपी सीपीयू जवानों ने व्यवसायी से खुद को एसओजी की टीम का बताया था। व्यवसायी की शिकायत पर एसएसपी ने सीपीयू के दो जवानों, काठगोदाम थाने के सिपाही और एक सर्राफा व्यवसायी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। इस घटना से सीपीयू की वर्दी भी दागदार हो गई है।
बरेली के शास्त्रीनगर निवासी सर्राफा व्यवसायी अनूप अग्रवाल अपने चालक सुमित कुमार के साथ 17 सितंबर को तगादा के लिए अल्मोड़ा गए थे। लौटते समय काठगोदाम पुलिस चौकी के समीप एक वर्दीधारी सहित दो लोगों ने व्यवसायी की कार रोक ली।
खुद को एसओजी टीम का सदस्य बताते हुए उन्होंने कार को कब्जे में ले लिया। सर्राफा व्यवसायी का मोबाइल छीनने के बाद वे कार को हैड़ाखान रोड पर ले गए। सुनसान स्थान पर एक सिपाही भी खड़ा था। वहां पर कार रोकने के बाद खुद को एसओजी का बताने वाले दोनों लोगों ने व्यवसायी से 7.94 लाख रुपए लूट लिए।