मेंहूवाला में मामूली बात (घूरने) को लेकर दो पक्षों में जमकर संघर्ष हुआ। मारपीट में छह लोग घायल हो गए। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज की है।
पटेलनगर कोतवाली के मेंहूवाला में आशिक हुसैन और रोहित कुमार धीमान पक्ष में मंगलवार रात घूरने को लेकर कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर भिड़ गए और पत्थरबाजी करने लगे। मारपीट में छह लोग घायल हो गए। इससे गांव में अफरातफरी मच गई।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। इस मामले में आशिक हुसैन ने विशाल समेत सात लोगों के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा कायम कराया है। रोहित पक्ष के घायलों को दून अस्पताल भर्ती कराया गया है।
बाद में पटेलनगर थाने में रोहित कुमार की तरफ से आरिफ समेत पांच के खिलाफ अभियोग दर्ज कराया गया है। इंस्पेक्टर रितेश शाह ने बताया कि मेंहूवाला में हुए एक एक्सीडेंट को लेकर दो पक्षों में समझौता हुआ था। रोहित पक्ष समझौता करने के बाद वापस लौट रहा था, तब एक दूसरे को घूरने को लेकर झगड़ा हो गया, जिसमें दोनों पक्षों के तीन-तीन लोग घायल हुए हैं।