ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
नालापानी चौक के पास शनिवार को एक कार की चपेट में आने से डेढ़ साल की बच्ची को मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक कार समेत वहां से भाग निकला। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंचीं सीओ सिटी डालनवाला जया बलूनी के समझाने पर लोग शांत हुए।
नालापानी चौक के पास कई बागड़ियों के परिवार सड़क किनारे रहते हैं। ये लोग लोहार का काम करके गुजर-बसर करते हैं। शनिवार शाम फूल सिंह की डेढ़ वर्षीय बच्ची खुशी सड़क किनारे खेल रही थी। इसी दौरान एक कार चालक बच्ची को रौंद कर भाग निकला। खुशी की मौके पर मौत हो गई। इसके बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। प्रदर्शनकारी आरोपी कार चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। इसके अलावा परिजनों ने पंचायतनामा और पोस्टमॉर्टम कराने से भी इनकार कर दिया। इसके बाद मौके पर पहुंचीं सीओ सिटी डालनवाला जया बलूनी ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने कार की पहचान और आरोपी जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन आगे की कार्रवाई के लिए राजी हुए।