ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। एक व्यक्ति ने पहले से बेची हुई संपत्ति को दूसरे को भी बेच दी। खरीददार से उसने एग्रीमेंट के नाम पर छह लाख रुपये हड़प भी लिए। खरीदार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रायपुर पुलिस के अनुसार खुड़बुड़ा निवासी हंसराज गुप्ता ने एक शिकायत दी थी। इसमें बताया गया था कि उन्होंने तुनवाला रोड, रांझावाला निवासी टेक बहादुर से 160 वर्ग मीटर जमीन खरीदने के लिए सौदा किया था। 30 मार्च 2015 को उन्होंने सौदे की रकम 10 लाख रुपये में से छह लाख रुपये टेक बहादुर को दे दिए। उसके बाद पता चला कि जो जमीन उन्हें बेची गई है उसे टेक बहादुर पहले किसी और को बेच चुके हैं। इस पर उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन टेक बहादुर आनाकानी करने लगे। आरोप है पिछले महीने उन्होंने रकम लौटने से साफ इनकार करते हुए हंसराज को धमकी दे डाली। एसएसआई रायपुर संजय मिश्रा ने बताया कि हंसराज गुप्ता की तहरीर पर टेक बहादुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।