ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। भाजपा के एक कार्यकर्ता ने अपने वरिष्ठ नेताओं पर मारपीट और यौन शोषण करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। 17 वर्षीय पीड़ित कार्यकर्ता की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसमें उसने पुलिस से भी शिकायत का दावा किया है। घटना महानगर कार्यालय की बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है किसी भी कार्यालय में इस तरह की कोई शिकायत नहीं आई है।
वायरल वीडियो में पीड़ित कार्यकर्ता खुद को टिहरी कार्यकारिणी का सदस्य बता रहा है। वीडियो में वह कह रहा है कि मार्च में वह चुनाव प्रचार में व्यस्त था। मतदान से कुछ दिन पहले वह अपने वरिष्ठ नेताओं के साथ नैनीताल जाने लगा। इसी दौरान उन नेताओं ने उससे अभद्र व्यवहार कर दिया। उस समय जैसे-तैसे बात निकल गई। लेकिन, उसके बाद उन्होंने फोन पर धमकी देना शुरू कर दिया। उसे बुलाकर फोन भी छीन लिया। आरोप है घरवालों ने जब फोन पर कॉल की तो नेताओं ने 11 मई को फोन लौटाने की बात कही। इस पर वह 11 मई को भाजपा महानगर कार्यालय पहुंचा। वीडियो में कथित पीड़ित सिर पर पट्टी बांधे दिख रहा है। उसका कहना है दो नेताओं ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि मारपीट में उसकी आंखों से खून निकलने लगा, लेकिन उन्होंने पीटना बंद नहीं किया। उसके बाद नेताओं ने उसे धक्का दिया और धमकी दी कि वह उसके साथ गंदी हरकत कर सकते हैं।
उधर, जिन नेताओं पर आरोप है उनका कहना है कि वह नाबालिग हैं। जबकि उसने खुद को 21 साल का बताया था। ऐसे में उसे पार्टी अध्यक्ष के कहने पर निकाल दिया था। इससे वह खुन्नस रखने लगा और बार-बार कई तरह के आरोप लगाता रहा। नेताओं ने बताया, उसे चोट कहीं और आई है लेकिन, नाम मारपीट का दे रहा है। जबकि सच यह है कि उसके साथ किसी नेता ने कोई मारपीट नहीं की है।
मेरे पास कोई तहरीर या शिकायत नहीं आई है। मैंने कप्तान के कैंप ऑफिस और कार्यालय में भी पता कराया था। लेकिन, कहीं शिकायत नहीं आई है। थाने-चौकी में भी इस तरह की कोई शिकायत नहीं आई है। यदि शिकायत आएगी तो जांचकर कार्रवाई की जाएगी।
श्वेता चौबे, एसपी सिटी