981 मुकदमे निस्तारित कर दिलाया 23 करोड़ का हर्जाना
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शनिवार को लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत में 20 पीठों का गठन किया गया था, जिसमें मोटर दुर्घटना क्लेम, सिविल मामले, पारिवारिक मामले और चेक बाउंस के मुकदमों का निस्तारण किया गया। इस दौरान कुल 981 मुकदमे निस्तारित किए गए और करीब 23 करोड़ रुपये का हर्जाना पीड़ितों को दिलाया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नेहा कुशवाहा ने बताया कि यह लोक अदालतें देहरादून, ऋषिकेश, विकासनगर, डोईवाला और चकराता में आयोजित की गई थीं। इसमें 981 मुकदमों के निस्तारण में पीड़ितों को कुल 22 करोड़, 73 लाख, 15 हजार 722 रुपये का हर्जाना दिलाया गया। इसके अलावा प्री-लिटीगेशन स्तर के बैंक रिकवरी के मामले निस्तारित किए गए। ऐसे कुल 890 मामले संदर्भित थे। इनमें से कुल 48 मामलों का निस्तारण आपसी समझौते के आधार पर किया गया। इसमें कुल 43 लाख 34 हजार 184 रुपये की रिकवरी की गई। सचिव ने बताया कि लोक अदालतें सरल व त्वरित न्याय का एक प्रभावी माध्यम है। लोक अदालत में पक्षकार आपसी समझौते के आधार पर मामले का निस्तारण करा सकते हैं। बताया कि आगामी लोक अदालत 13 जुलाई को आयोजित की जाएगी।