ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। अपने-अपने परिवार को छोड़कर दून में रह रहे एक प्रेमी युगल को जब कहीं रोजगार नहीं मिला तो उन्होंने एक महिला का पर्स उड़ा लिया। अभी दोनों पैसे खर्च भी नहीं कर पाए थे कि पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उसके बाद मुकदमा दर्ज कर रविवार को दोनों को जेल भेज दिया।
एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि शनिवार को केलसंग छोड़न (निवासी तिब्बतन कॉलोनी, क्लेमेंटटाउन) से सब्जी मंडी से घर जाते समय बाइकसवारों ने पर्स छीन लिया था। इसकी शिकायत पर पुलिस ने पड़ताल की और हुलिए के आधार पर एक युवक और महिला को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से पर्स (इसमें चाबी, तीन हजार रुपये, एटीएम कार्ड व अन्य सामान) बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम सागर तोमर (निवासी ग्राम शिवपुर खेड़ा मुगल, देवबंद) और सोनी कश्यप (निवासी द्वारकापुरी, हसनपुर चुंगी, सहारनपुर) हैं। पूछताछ में इन्होंने बताया कि सोनी कश्यप का अपने पहले पति से तलाक हो चुका है। उसके साथ उसका सात वर्ष का बेटा भी है। दोनों अपने-अपने घर से भाग निकले और दून में रहने लगे। इस बीच इनके पैसे खत्म हो गए। लेकिन, रोजगार का कोई साधन नहीं बन पाया। उसके बाद शनिवार को दोनों ने लूट की योजना बनाई। उन्होंने क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र से पैदल चलती महिला का पर्स छीन लिया। रविवार को उन्हें पीपलेश्वर मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी थानाध्यक्ष सुनील कुमार, उपनिरीक्षक जैनेंद्र राणा, मुकेश मुकलान, दिगपाल सिह और कांस्टेबल अंजलि शामिल हैं।