ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
सेलाकुई। धर्मावाला चौकी पुलिस ने कार से दो लाख रुपये की नकदी पकड़ी है। पुलिस ने नकदी को आचार संहिता के तहत सीज कर इसकी सूचना एसडीएम विकासनगर एवं इनकम टैक्स के अधिकारियों को दी।
चौकी प्रभारी रणजीत खनेड़ा ने बताया कि सोमवार रात धर्मावाला बैरियर पर पुलिस टीम फ्लाइंग स्क्वाड के साथ वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी कुल्हाल की ओर से एक आल्टो कार आती दिखाई दी। चेकिंग में कार से दो लाख रुपये नकद बरामद हुए। कार चालक धीरज कुमार निवासी बैरागीवाला थाना सहसपुर नकदी के बारे में पूछे जाने पर बैंक की पास बुक, पैन कार्ड एवं व्यापार संबंधी दस्तावेज नहीं दिखा पाया। चालक ने बताया कि कार किसी अन्य व्यक्ति की है। इसे वह कुल्हाल से लेकर आ रहा है। उसे नहीं मालूम की इसमें कितनी धनराशि है। पुलिस ने नकदी को निगरानी टीम द्वितीय धर्मावाला के मजिस्ट्रेट आरपी सिंह के सुपुर्द किया।