ब्यूरो/अमर उजाला, सेलाकुई
सहसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ पॉक्सो में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता के माता-पिता क्षेत्र की एक कंपनी में काम करते हैं। घर पर उनकी 10 वर्षीय बेटी अकेली रहती है। वहीं, आरोपी क्षेत्र में किराए के मकान में रहता है और किसी कंपनी में काम करता है। शुक्रवार को पीड़िता के माता-पिता रोजाना की तरह एक कंपनी में काम करने गए हुए थे। इसी दौरान करीब साढे़ तीन बजे आरोपी उनके घर घुसकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने किसी को बताने पर नाबालिग को जान से मारने की धमकी दी। घबराई नाबालिग ने घटना की जानकारी परिजनों को नहीं दी, लेकिन पिछले दो दिनों से वह सहमी-सहमी रहने पर जब मां ने पूछताछ की तो वह रोने लगी और आपबीती बताई। रविवार को पीड़िता के माता-पिता थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। थानाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 और पॉक्सो के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।