ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
झिटाड़ त्यूनी के अगवा युवक मोती सिंह की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ खाली हैं। हत्यारोपियों से छह दिन चली पूछताछ के बाद पुलिस मृतक का मोबाइल और हत्या में प्रयुक्त ईंट ही बरामद कर पाई है। 13 दिन बाद भी पुलिस मोती सिंह का शव नहीं तलाश पाई है।
वरिष्ठ उप निरीक्षक नत्थीलाल उनियाल ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपी बार-बार पुरानी कहानी दोहराते रहे। रिमांड पूरी होने पर सोमवार को पुलिस ने आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। उल्लेखनीय है कि विकासनगर क्षेत्र के अंतर्गत 16 जनवरी को झिटाड़ त्यूनी निवासी मोती सिंह का अपहरण कर लिया गया था। पुलिस ने इस मामले में आरोपी नवाबगढ़ निवासी नदीम और अहसान को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने मोती सिंह का अपहरण करने के बाद नवाबगढ़ के एक निर्माणाधीन भवन में ईंट से सिर पर वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को शक्तिनहर में फेंक दिया। पुलिस ने मामले में आरोपियों को दो बार तीन-तीन दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया, लेकिन आरोपियों की निशानदेही के बाद भी पुलिस मोती का शव नहीं तलाश पाई है।