ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। मतगणना से एक दिन पूर्व घर के बाहर खड़ी करीब पांच मोटरसाइकिल को अज्ञात लोगों ने आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद से ही स्थानीय लोगों ने कोतवाली ऋषिकेश पहुंच कर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। वहीं, कोतवाली निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि जल्द ही मुकदमा दर्ज कर दोषियों की गिरफ्तारी की जाएगी। वहीं क्षेत्र में घटना का कारण राजनीतिक बताया जा रहा है।
ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्रांतर्गत कुछ असमाजिक तत्वों ने सोमवार की देर रात को पांच मोटरसाइकिल पर आग लगा दी। यह पांचों मोटरसाइकिल घरों के बाहर खड़ी हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही घरों में सो रहे लोग जग गये। इसके बाद अज्ञात लोग भाग निकले। वहीं स्थानीय लोगों ने कोतवाली पहुंच पुलिस के पहरे पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की है। जिस पर संज्ञान लेते हुये कोतवाली निरीक्षक रितेश शाह ने कहा कि क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर दोषियों को चिह्नित किया जायेगा। जल्द दोषियों को गिरफ्तार किया जायेगा।