ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। निकाय चुनाव में बांटने के लिए लाई जा रही हरियाणा ब्रांड की 25 पेटी अंग्रेजी शराब पुलिस ने जंगलात बैरियर के पास से तस्करों से बरामद की है। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को जंगलात बैरियर के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान कार नंबर एमएच-12-डीवाई-3004 को रोककर जब तलाशी ली गई तो कार से 25 पेटी शराब बरामद हुई।
आरोपी की पहचान अर्जुन सिंह पुत्र सुखदेव सिंह निवासी गांधी नगर, वार्ड नंबर 20 यमुनानगर हरियाणा और साहब सिंह पुत्र प्रीतम सिंह निवासी कांसेपुरी, वार्ड नंबर 21 यमुनानगर हरियाणा के रूप में हुई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि बरामद की गई शराब की कीमत करीब एक लाख 20 हजार रुपये है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश की सस्ती दर पर उनको यह शराब की एक बोतल 150 रुपये के हिसाब से मिल जाती है। ऋषिकेश में शराब प्रतिबंधित होने के कारण इसकी कीमत 400 से 500 रुपये तक बेची जाती है। रितेश शाह ने बताया कि तीर्थनगरी ऋषिकेश में निकाय चुनाव के चलते शराब में किसी भी तरह के नशे की तस्करी नहीं होने दी जाएगी। इसके साथ ही चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।