ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। थानो वन रेंज के धन्याड़ी सौंडा ब्लाक में अवैध खनन रोकने के लिए पहुंचे थानो वन रेंज के तीन वनकर्मियों को खनन माफियाओं ने पीट दिया। आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। घायल वनकर्मियों को डोईवाला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। कोतवाली पुलिस ने वन रेंजर की तहरीर पर आरोपी राजेंद्र मनवाल और मन्नू मनवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने में जुटी हुई है।
थानो के वन क्षेत्राधिकारी डॉ. उदयनंद गौड़ ने बताया कि बीते शुक्रवार की रात में थानो रेंज के गश्ती दल को अवैध खनन होने की सूचना मिली थी। कर्मियों की टीम जब मौके पर पहुंची तो उन्हें खनन सामग्री से भरी एक ट्रैक्टर ट्राली आरक्षित वन क्षेत्र की ओर से आती दिखाई दी। गश्ती दल ने ट्रैक्टर ट्राली रोककर चेक किया तो उसमें अवैध खनन सामग्री भरी हुई थी।
वनकर्मियों ने वाहन को कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय लाने की कोशिश की तो अचानक बाइक पर सवार दो तीन लोग घटनास्थल पर पहुंचे और ट्रैक्टर ट्राली छुड़वाने का प्रयास कर वनकर्मियों के साथ अभद्रता और मारपीट शुरू कर दी। छीना झपटी के दौरान चालक का नियंत्रण बिगड़ने से ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। इस दौरान वन रक्षक अमित चौहान, विकास और सुमित घायल हो गए। कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक योगेंद्र सिंह गुसांई ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए डोईवाला अस्पताल लाया गया। वन रेंजर की शिकायत पर आरोपी राजेंद्र मनवाल और मन्नू मनवाल दो लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।