ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। नगर पालिका की पूर्व महिला सभासद ने पड़ोस के एक युवक पर गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक पूर्व सभासद पुष्पा मिश्रा पत्नी मधु मिश्रा निवासी चंद्रभागा, ऋषिकेश ने तहरीर में बताया कि बीते बृहस्पतिवार की रात पड़ोस में रहने वाला सुनील पुत्र कुंदन सिंह से कहासुनी हो गई।
आरोप है कि सुनील ने गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने के बाद आरोपी वहां से फरार होने में कामयाब हो गया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि दोनों पक्षों में किसी पुराने मामले को लेकर विवाद हुआ था। मामले की तहकीकात की जा रही है।