ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। हरिपुकलां में बीते शनिवार की देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आकर होटलकर्मी वीर सिंह जख्मी हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को हरिद्वार के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गंभीर चोटें लगने की वजह से उनकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं, अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज कर लिया है।
रायवाला पुलिस के मुताबिक नरेंद्रनगर ब्लॉक की दोगीपट्टी स्थित ग्रामसभा पजैगांव निवासी वीर सिंह रावत 40 पुत्र बचन सिंह हरिपुरकलां में वाहन के इंतजार में नेशनल हाईवे पर खड़ा था। इसी बीच अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। वाहन चालक दुर्घटना होते ही मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जख्मी वीर सिंह को हरिद्वार के राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक महेश जोशी ने बताया कि वीर सिंह हरिद्वार के किसी होटल में काम करते थे। मृतक के भाई डबल सिंह रावत की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। बताया कि अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है।