ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
ढालवाला क्षेत्र में चंद्रभागा नदी से अवैध खनन के दौरान वनकर्मियों की टीम पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी खनन माफिया को थाना मुनिकीरेती पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को नरेंद्रनगर स्थित न्यायालय में पेश किया, जहां ने उसे जेल भेज दिया है।
उपनिरीक्षक विनोद कुमार के मुताबिक 26 जून की रात खनन माफिया हिमांशु गुप्ता पुत्र रमेश चंद गुप्ता निवासी अमितग्राम, गुमानीवाला ढालवाला क्षेत्र में चंद्रभागा नदी में ट्रैक्टर-ट्रॉली से अवैध खनन कर रहा था। इसी बीच शिवपुरी रेंज के वनकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची थी। आरोपी को पकड़ने के दौरान उसने वन दारोगा कमल सिंह पंवार पर हमला कर भाग निकला। हमले में वन दारोगा की आंख पर गंभीर चोटें आई थीं। इसके बाद रेंज अधिकारी स्पर्श काला की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर आरोपी को दून रोड स्थित नटराज चौक के पास से गिरफ्तार किया गया।