बिलारी (मुरादाबाद)। बुधवार की दोपहर बिलारी नगर क्षेत्र में मारपीट की एक घटना में पिता को बचाने आई युवती को और निकटवर्ती सहसपुर गांव में माता को बचाने आई युवती को धारदार हथियारों से हमला बोलकर घायल कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला ठाकुरान में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद होने लगा। इसी दौरान दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो जाने पर एक पक्ष के कासिम को बचाने उसकी बेटी नसरीन जहां पहुंच गई। आरोप है कि विरोधी पक्ष ने नसरीन जहां के सिर पर धारदार हथियार से हमला बोलकर घायल कर दिया। घायल नसरीन ने चार लोगों को आरोपी बनाते हुए रिपोर्ट दर्ज करने को पुलिस को तहरीर दी है। उधर घायल युवती का नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया गया है।
सहसपुर गांव के मोहल्ला नई बस्ती निवासी इस्लाम और खलील के बच्चों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बाद में बड़ों के बीच विवाद बढ़ गया। पता चला है कि इस्लाम की पत्नी जायदा से विरोधी पक्ष द्वारा मारपीट करने पर जायदा की बेटी नाजिश बीच बचाव करने लगी तभी नाजिश के सिर पर धारदार हथियार से हमला बोलकर घायल कर दिया गया। नाजिश जब थाने पहुंची तब सबसे पहले उसे प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलारी भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।