ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
मुनिकीरेती के बाद अब ऋषिकेश में भी टप्पेबाज गैंग सक्रिय हो गया है। बृहस्पतिवार को शहर में दिनदहाड़े बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने स्कूटी की डिग्गी तोड़कर एक लाख रुपये की रकम साफ कर दी। पुलिस ने पीड़ित कारोबारी विनोद कुमार की तहरीर पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद पुलिस ने नगर की सीमाओं पर चेकिंग अभियान चलाया, मगर युवक हत्थे नहीं चढ़े। कोतवाली पुलिस के मुताबिक विनोद कुमार निवासी गली नंबर दो, सुभाषनगर, बनखंडी, ऋषिकेश गुमानीवाला स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक की शाखा से रकम लेने गए थे।
उन्होंने बैंक से एक लाख रुपये की रकम निकालकर स्कूटी की डिग्गी में रखी। दोपहर में करीब दो बजे विनोद कुमार ने स्कूटी घर के बाहर खड़ी की। वापस लौटने पर उन्हें डिग्गी टूटी मिली और उसमें रखी रकम गायब थी। आसपास के लोगों ने विनोद कुमार को पूछताछ में बताया कि बाइक सवार दो युवक गली में काफी देर से घूम रहे थे, जिसके बाद पीड़ित ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शहर के नाकों पर चेकिंग अभियान शुरू किया। घंटों चली चेकिंग में पुलिस के हाथ कोई कामयाबी नहीं लगी।
वहीं, घटना से स्थानीय लोगों में खौफ है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम की मांग की है। कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि आसपास के प्रतिष्ठानों की सीसीटीवी फुटेज को अज्ञात युवकों की पहचान के लिए खंगाला जा रहा है। बताया कि पीड़ित की तहरीर अज्ञातों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
एक ही दिन में हुई थी टप्पेबाजी की तीन घटनाएं
केस-1
ग्रीन गंगा एडवेंचर निकट ग्लास हाउस गूलर में शनिवार को नोएडा के पर्यटक राफ्टिंग के लिए पहुंचे थे। उन्होंने अपनी कार कैंप के पास खड़ी की। वापस लौटने पर कार का शीशा टूटा हुआ था। कार से चार मोबाइल व चार लैपटॉप गायब थे। पुलिस ने रितेश श्रीवास्तव पुत्र मनोज श्रीवास्तव निवासी सेक्टर- 19, नोएडा की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
केस- 2
शनिवार को ही गरुड़चट्टी पुल के पास लखीमपुर खीरी, यूपी निवासी आशुतोष कंडवाल पुत्र स्व. चंद्रप्रकाश कंडवाल दोस्तों के साथ राफ्टिंग के लिए पहुंचे थे। उन्होंने कार गरुड़चट्टी पुल के समीप खड़ी की। राफ्टिंग कर वापस लौटने पर कार का शीशा टूटा मिला। उससे चोर 30 हजार रुपये, लैपटॉप, आईफोन और कागजात उड़ा ले गए।
केस- 3
तीसरी घटना भी शनिवार की ही है। बुलंदशहर, यूपी निवासी प्रशांत शर्मा पुत्र सुरेंद्र शर्मा शिवपुरी में तीन दोस्तों के साथ कैंपिंग के लिए पहुंचे थे। उन्होंने अपनी कार हेंवल नदी के किनारे पार्क की और कैंपिंग के लिए चले गए। रविवार सुबह वापस लौटे, तो कार का शीशा टूटा मिला और चार हजार की नकदी, दो मोबाइल व एक कीमती कैमरा कार से गायब था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।