ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
तीर्थनगरी में परिवार संग भ्रमण के लिए पहुंचे मध्य प्रदेश के एक बुजुर्ग यात्री की त्रिवेणीघाट पर संदिग्ध परिस्थितियों में तबीयत बिगड़ गई। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। यात्री को एसपीएस राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाली पुलिस के मुताबिक शुक्रवार दोपहर मध्यप्रदेश स्थित ग्वालियर निवासी आनंद वर्मा (65) पुत्र अमनलाल वर्मा परिवार के साथ त्रिवेणीघाट पर गंगा स्नान के लिए पहुंचे थे। अचानक घाट पर उनकी तबीयत खराब हो गई और वह बेहोश हो गए। घाट पर मौजूद लोगों की मदद से परिजनों ने त्रिवेणीघाट चौकी पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने निजी वाहन के माध्यम से आनंद वर्मा को एसपीएस राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उपनिरीक्षक अरुण त्यागी ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या मामला हृदय गति रुकने से मौत का प्रतीत हो रहा है। मामले की तहकीकात की जा रही है। शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही कारण स्पष्ट हो पाएंगे।