ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
रेलवे रोड पर बीते माह दारोगा के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी राजेंद्र उर्फ नेता पुत्र घनश्याम निवासी पुरानी जाटव, बस्ती को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है। वहीं, पुलिस ने मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास तेज कर दिए हैं।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक बीते माह 26 अप्रैल की रात उपनिरीक्षक दीपक गैरोला रेलवे रोड स्थित पुरानी जाटव बस्ती में शराब की अवैध बिक्री की शिकायत पर छापा मारने गए थे। इस दौरान करीब 10 लोगों ने उनके साथ मारपीट कर दी थी। आरोपियों ने उनकी वर्दी भी फाड़ दी थी। उपनिरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद व सात अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था, जिसमें एक आरोपी राहुल उर्फ तमंचा पुत्र टिंगू निवासी पुरानी जाटव बस्ती, ऋषिकेश ने बीती तीन मई को कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। जबकि नामजद आरोपी राजेंद्र फरार चल रहा था।
शुक्रवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर इंदिरानगर तिराहे से दोपहर करीब दो बजे राजेंद्र को दबोच लिया। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायालय ने जेल भेज दिया है। बताया कि नामजद आरोपी अभिषेक की तलाश की जा रही है। अज्ञात आरोपियों की पहचान के प्रयास भी जारी हैं। बताया कि जल्द अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।