ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
मुनिकीरेती पुलिस ने चोरी किए एटीएम कार्ड के जरिये 1.2 लाख की रकम उड़ाने वाले चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने चोरी किए रुपयों से देहरादून और मसूरी में मौज-मस्ती और शापिंग की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी आरके सकलानी ने बताया कि चौदहबीघा मुनिकीरेती निवासी कुश उनियाल ने एटीएम से 1,02,000 रुपये निकाले जाने पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस ने छानबीन के बाद आरोपी विकास उर्फ अमित लेखवार पुत्र गिरधारी लाल निवासी ग्राम पूजालड़ी थाना चंबा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार विकास कुछ समय पहले कुश उनियाल के साथ एक कमरे में रहा था। इसी दौरान आरोपी ने एटीएम का पिन नंबर पता कर लिया। इसके बाद आरोपी ने एटीएम कार्ड चोरी करके खुद ही पैसे निकालने शुरू कर दिए। शुक्रवार को पुलिस ने विकास को तपोवन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 10,000 रुपये और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। उसके खिलाफ कई अन्य लोगों से धोखे से रुपये लेने और वापस नहीं लौटाने की शिकायतें भी मिली हैं जिनकी जांच की जा रही है।
ऐसे पकड़ा गया एटीएम कार्ड चोर
जांच अधिकारी ने बताया कि कुश उनियाल की ओर से एटीएम से कैश निकलने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कुश के करीबियों से पूछताछ शुरू कर दी। इस दौरान उन लोगों से पूछताछ की गई, जोकि कुश उनियाल के करीब रहे या उसके साथ रहे। इसी दौरान पता लगा कि आरोपी विकास भी कुश के साथ कुछ समय एक ही कमरे में रहा था। अलग-अलग एटीएम से सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस आरोपी पर नजर रख रही थी। जिससे वह शुक्रवार को हत्थे चढ़ गया।
चोरी के रुपये से की मौज-मस्ती
थाना प्रभारी आरके सकलानी ने बताया कि आरोपी चोरी के रुपयों से कई दिन मौज-मस्ती करता रहा। पूछताछ के दौरान पता चला है कि वह तीन दिन मसूरी में रहा। जहां उसने होटल में 4500 रुपये का कमरा लिया हुआ था। इसके बाद दो दिन देहरादून में रहा। जहां उसने 2500 रुपये का कमरा लिया। वहां उसने दो मोबाइल भी खरीदे। उन्होंने बताया कि वह नेपाली फार्म स्थित एक मंदिर में पूजा-पाठ करता था।