ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
रेलवे रोड पर पुरानी जाटव बस्ती में शराब की अवैध बिक्री की शिकायत पर छापा मारने की गई पुलिस टीम को तस्करों ने दौड़ा दिया। इस दौरान उन्होंने एक दारोगा को पकड़कर पीट दिया। आरोप है कि मारपीट में दारोगा की वर्दी तक फट गई। पुलिस ने उपनिरीक्षक की तहरीर पर तीन नामजद समेत 10 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक बीते बृहस्पतिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे रोड स्थित पुरानी जाटव बस्ती में शराब की अवैध बिक्री की जा रही है। उपनिरीक्षक दीपक गैरोला पुलिसकर्मियों के साथ छापा मरने के लिए मौके पर पहुंचे, तो बस्ती में तस्करों से उनकी नोकझोंक हो गई। मामला इतना बढ़ा कि अवैध कारोबार में जुड़े अन्य तस्कर भी इकट्ठा हो गई। शुरुआत में कहासुनी के बाद करीब 10 तस्कर पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई पर उतर आए।
इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों ने बस्ती से बाहर निकलने की कोशिश की, तो तस्करों ने दारोगा को दबोच कर उनके साथ सरेआम मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में दारोगा की वर्दी तक फट गई। हंगामा होते ही आसपास के लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। कोतवाली से मदद के लिए अतिरिक्त फोर्स पहुंचने पर तस्कर भाग खड़े हुए। शुक्रवार को एसआई दीपक गैरोला की नामजद तहरीर पर पुलिस ने राजेंद्र नेता, राहुल उर्फ तमंचा और अभिषेक व करीब सात अज्ञातों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि आरोपियों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट और गाली-गलौच करने के साथ कई धाराएं लगाई गई हैं। बताया फिलहाल नामजद आरोपी फरार हैं, उनकी धरपकड़ को प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही अज्ञात आरोपियों की पहचान की कोशिशें भी जारी हैं।