ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बरोटीवाला गांव में पारिवारिक विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में काफी देर तक कहासुनी होने के बाद जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। इसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। घायलों को इलाज के लिए लेहमन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी एक व्यक्ति का अपने साले से विवाद चल रहा है। शनिवार को उसका साला हरिद्वार निवासी कुछ रिश्तेदारों के साथ बातचीत को उसके घर पर पहुंचा। जहां दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। कुछ ही देर में कहासुनी हाथापाई में तब्दील हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के कई लोग आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर लात-घूसे और लाठी-डंडे चलने लगे। चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस बीच किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। एसएसआई बलदेव कंडियाल ने बताया कि अभी किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।