ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
तपोवन लक्ष्मणझूला स्थित सच्चाधाम घाट से गंगा को पार करने के चक्कर में दो युवक नदी के तेज बहाव में बह गए। घाट पर मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंचे जल पुलिस के जवानों ने निजी बोट संचालक के कर्मचारियों की मदद से दोनों युवकों को बचा लिया।
थाना मुनिकीरेती पुलिस के मुताबिक मंगलवार को सचिन कुमार (24) पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी मकान नंबर 305, गाजियाबाद, यूपी व सौरभ झा (25) पुत्र उदयकांत निवासी सीआर पार्क, नई दिल्ली तपोवन पहुंचे थे। सुबह करीब 10:30 बजे दोनों तपोवन स्थित सच्चाधाम घाट पर गंगा में नहाते समय नदी को पार करने की कोशिश करने लगे, लेकिन गंगा के तेज प्रवाह में संतुलन खो बैठे और बहने लगे। घाट पर मौजूद लोगों ने युवकों को बहते देख आनन-फानन जल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद जल पुलिसकर्मी रितेश, राजेंद्र, निजी बोट संचालक अंकुर कुकरेजा, अर्पित कुकरेजा, वोट चालक संजय कश्यप, अनिल बंसल, राजीव आर्य ,दीपक पंवार, चालक अरविंद सजवाण, विशंभर निषाद, संजय शर्मा के साथ रेस्क्यू शुरू किया। काफी जद्दोजहद के बाद दोनों युवकों को सकुशल गंगा से बाहर निकाल लिया गया।