ब्यूरो/अमर उजाला
ऋषिकेश।
कार में शराब तस्करी की सूचना पर पुलिस ने आईडीपीएल सिटी गेट पर वाहन चेकिंग की। इस दौरान एक कार से अंग्रेजी शराब की 17 पेटी पकड़ी गईं। इस दौरान पुलिस कर्मियों और तस्कर के बीच हाथापाई भी हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार जेल भेज दिया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक बुधवार को मुखबिर ने कार में तस्करी कर शराब शहर में लाए जाने की सूचना दी थी, जिस पर पुलिसकर्मियों में ऋषिकेश-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित आईडीपीएल सिटी गेट पर वाहन चेकिंग शुरू की। इस दौरान हरिद्वार की ओर से आ रही एक कार को पुलिस ने बैरियर लगाकर रोका। तलाशी में कार से अंग्रेजी शराब की 17 पेटी बरामद हुईं। आरोपी को मौके से गिरफ्तार करने के दौरान वह पुलिस पर बिफर गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार उसे काबू करने के दौरान पुलिसकर्मियों की हाथापाई हो गई। बमुश्किल उसे कोतवाली लाया गया। उसकी पहचान धनपाल सिंह निवासी खदरी खड़कमाफ श्यामपुर के रूप में हुई है।
आईडीपीएल चौकी प्रभारी दीपक तिवारी ने बताया कि आरोपी धनपाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तस्करी में प्रयुक्त कार सीज कर दी दी गई है। आरोपी की न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस टीम में एसएसआई अमरजीत सिंह, चौकी प्रभारी दीपक तिवारी, कांस्टेबल विपिन भाटी, संदीप कुमार, पंकज रावत आदि शामिल थे।