ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
शिवपुरी में साथी का जन्मदिन मनाने के लिए पहुंचा ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी का छात्र गंगा में नहाते हुए बह गया। जल पुलिस ने छात्र की तलाश में नदी में अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने इस बाबत छात्र के परिजनों को सूचित कर दिया है।
मुनिकीरेती पुलिस के मुताबिक बुधवार को ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी का छात्र अनिल बिष्ट छह दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने के लिए शिवपुरी पहुंचा था। दोपहर करीब तीन बजे ग्रुप में शामिल छात्र राहुल अंथवाल (21) पुत्र दामोदर अंथवाल निवासी गुप्तकाशी, रुद्रप्रयाग गंगा में नहाने लगा। इसी दौरान वह गंगा के तेज प्रवाह की चपेट में आकर बह गया। साथियों ने तत्काल इसकी सूचना शिवपुरी चौकी पुलिस को दी। जल पुलिसकर्मियों के माध्यम से गंगा में राहुल की खोजबीन के लिए तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन देर शाम तक पुलिस को कोई कामयाबी नहीं मिली। बाद में अंधेरा होने की वजह से अभियान को रोकना पड़ा। चौकी प्रभारी अशोक कश्यप ने बताया कि राहुल यूनिवर्सिटी में बीटेक फाइनल ईयर का छात्र था। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। राहुल की तलाश में बुधवार को फिर से गंगा में तलाशी अभियान चलाया जाएगा।