ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
ढालीपुर स्थित बाग में पेड़ों के अवैध काटन के मामले में उद्यान प्रभारी इंदु भूषण कुमोला ने बाग स्वामी संतोष सिंह पत्नी त्रिलोक चंद ईसी रोड निवासी देहरादून के खिलाफ वन संरक्षण अधिनियम में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मालूम हो कि बीते 15 दिन में माफिया बाग में बड़े पैमाने पर खड़े पेड़ों का सफाया कर चुका है। उद्यान, वन और राजस्व विभाग की जांच में अब तक 40 पेड़ों से अधिक पेड़ों के अवैध पातन की पुष्टि हो चुकी है। मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिसके बाद हरकत में आए उद्यान और वन विभाग के अधिकारियों ने बाग का औचक निरीक्षण किया था। एसडीएम ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए बाग का निरीक्षण किया था। उन्होंने उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देशित कर बाग स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद शुक्रवार को उद्यान प्रभारी इंदु भूषण कुमोला की तहरीर पर पुलिस ने बाग स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। चौकी प्रभारी राम नरेश शर्मा ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बाग में खड़े हैं 203 आम के पेड़
एआरटीओ कार्यालय के सामने स्थित इस बाग का विस्तार 52 बीघा में है। जिस पर शुक्रवार को राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने पेड़ों की गिनती की। वर्तमान में बाग में कुल 203 आम और 10 से अधिक पेड़ अन्य प्रजातियों के खड़े हुए हैं जबकि, बीते एक माह में 40 से अधिक पेड़ों का सफाया हो चुका है। बीते साल भी बाग में 25 से अधिक पेड़ों का सफाया किया गया था।
प्रमुख वन संरक्षक ने तलब की जांच रिपोर्ट
बाग में पेड़ों के अवैध पातन मामले में प्रमुख वन संरक्षक जयराज ने डीएफओ कालसी से जांच रिपोर्ट तलब की है। बृहस्पतिवार को मामले की शिकायत पीपुल्स फॉर एनीमल्स के विजय महर और राज्य आंदोलनकारी संदीप त्यागी ने प्रमुख वन संरक्षक से की थी। जिस पर उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएफओ कालसी से जांच रिपोर्ट तलब की है।