श्रीनगर। अपर भक्तियाना में चोरों ने एक घर से कुछ गहनों व नकदी पर हाथ साफ कर लिया। पुलिस के अनुसार चोर केवल चोरी के प्रयास से आए है। हालांकि मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
रविवार रात को चोरों ने अपर भक्तियाना स्थित मदन सिंह रावत के घर में अलमारी तोड़ कर कुछ गहनों व साढ़े 8 हजार की नगदी पर हाथ साफ कर लिया। मदन सिंह रावत ने बताया कि रविवार को वह घर में अकेले थे। साढे़ ग्यारह बजे करीब उन्होंने दूसरे कमरे से कुछ आवाज सुनी। जब वह कमरे में पहुंचे तो उन्होंने देखा कि अलमारी का ताला टूटा हुआ है। वह कमरे से बाहर भागे तब तक चोर भाग चुके थे। अलमारी में से चोर दो अंगूठी, तीन जोड़ी पायल के साथ ही साढे़ आठ हजार की नकदी ले गए। रावत ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में पुलिस को सूचना दी। पुलिस कर्मी घटना स्थल पर भी आए। वहीं कोतवाल एनएस बिष्ट ने बताया कि अपर भक्तियाना के एक घर में चोरी के प्रयास का मामला उनके संज्ञान में है, लेकिन कोई लिखित शिकायत न मिलने पर मामला दर्ज नहीं किया गया है।